07/01/2024
ग्वालियर का किला ,मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक नगर ग्वालियर में एक पर्वतीय ढ़लान पर अवस्थित है.
लाल बलुआ पत्थर से निर्मित इस सुदृढ दुर्ग का निर्माण 8 वीं शताब्दी में स्थानीय कछवाहा शासक द्वारा करवाया गया था ,कालांतर में यह विशाल दुर्ग विभिन्न राजवंशों के नियंत्रण मे रहा था.
18 वीं शताब्दी में ग्वालियर के दुर्ग पर जयप्पा सिंधिया ने अधिकार करके यहां सिंधिया राजवंश का आधिपत्य स्थापित कर दिया था.
1857 ईस्वी में जब ब्रिटिश शासन को समूल नष्ट करने के लिए प्रथम स्वतन्त्रता संग्राम लड़ा जा रहा था,तब अमर शहीद तांत्या टोपे एवं वीरांगना लक्ष्मी बाई ने इस अभेद्य दुर्ग पर अधिकार करके ब्रिटिश शासन को विचलित कर दिया था.
यद्यपि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का ग्वालियर के किले पर अल्पकालिक नियंत्रण रहा, किन्तु जो अमर ज्योति इस प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में प्रज्ज्वलित हुई ,वह लम्बे समय तक देश को आलोकित करती रही थी.
मो.इकबाल