14/10/2026
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस ने अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया। उनकी जगह पर आराधना मिश्रा 'मोना' को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में हाल ही में पदभार ग्रहण करने के दौरान हंगामा हो गया था। अजय और महिला कांग्रेस नेता ममता चौधरी के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इसकी आग दिल्ली तक जा पहुंची है। ममता चौधरी को दिल्ली तलब किया गया है।
लखनऊ कांग्रेस में हुए हंगामे के बाद पार्टी हाईकमान सख्त हो गया है। पार्टी की फजीहत कराने के मामले में महिला कांग्रेस नेता ममता चौधरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ममता चौधरी को दिल्ली तलब किए जाने के साथ प्रदेश संगठन से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। पार्टी में हंगामा होने के चलते बहुत ज्यादा फजीहत हुई थी। बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। सोशल मीडिया पर कांग्रेस को ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकमान के निर्देश पर पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी को सौंपी गई है। वहीं, इस मामले पर ममता चौधरी ने घटना को दलित विरोधी कृत्य करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। यही नहीं उनके समर्थकों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने इसकी शिकायत राहुल गांधी से करने की बात कही है। दूसरी ओर, अजय ने इस मामले में ममता चौधरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ममता चौधरी को पार्टी से निकालने की भी मांग की है।