20/03/2026
छोटे-छोटे प्रयास जैसे पानी का सीमित उपयोग, रिसाव रोकना ला सकते हैं बड़ा बदलाव: राजू भूंभक
भास्कर न्यूज । दादरी सिटी
विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा दादरी ब्लॉक में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण, उसके सही उपयोग और भविष्य के लिए जल संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बीडीपीओ दीपक शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और यदि आज हम इसे बचाने के लिए गंभीर नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकें और वर्षा जल संचयन जैसे उपाय अपनाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सलाहकार राजू भूंभक द्वारा की गई, जिन्होंने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन बीआरसी दारा सिंह ने किया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने जल प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए और जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई। महिलाओं के बीच एक चार्ट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें जल संरक्षण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जिला सलाहकार राजू भूंभक ने उपस्थित लोगों को कैच द रेन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भूजल स्तर को सुधारने के लिए वर्षा जल का संग्रह बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास जैसे पानी का सीमित उपयोग, रिसाव रोकना और वर्षा जल संचयन बड़े बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पानी की हर बूंद अनमोल है का संदेश देते हुए जल संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान जावा के सरपंच प्रेम चारण, झोझू खुर्द सरपंच पवन, ग्राम सचिव विकास राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और महिलाएं मौजूद रही।