13/09/2026
*पथ्य आहार-विहार*
वर्षा-ऋतु की समाप्ति व शीत ऋतु संधिकाल में हल्के, सुपाच्य, ताजे, गर्म और पाचक अग्नि को बढ़ाने वाले खाद्य-पदार्थों का सेवन हितकारक है। ऐसे पदार्थ लेने चाहिए, जो वात को शान्त करने वाले हों। इस दृष्टि से आहार तथा घी व तेल से बने नमकीन पदार्थ उपयोगी रहते हैं। भुट्टा खाने के बाद छाछ पीने से वह अच्छी तरह पच जाता है । दही की लस्सी में लौंग, त्रिकटु (सोंठ, पिप्पली और काली मिर्च), सेंधा नमक, अजवायन, काला नमक आदि डाल कर पीने से पाचन-शक्ति ठीक रहती है। लहसुन की चटनी व शहद को जल एवं अन्य पदार्थों (जो गर्म न हों), में मिला कर लेना उपयोगी है। इस मौसम में वात और कफ दोषों को शान्त करने के लिए कटु, अम्ल और क्षार पदार्थ लेने चाहिए। अम्ल, नमकीन और चिकनाई वाले पदार्थों का सेवन करने से वात दोष का शमन करने में सहायता मिलती है।
*अपथ्य आहार-विहार*
वर्षा ऋतु की समाप्ति व शीत ऋतु संधिकाल में पत्ते वाली सब्जियाँ, ठण्डे व रूखे पदार्थ, चना, मोंठ, उड़द, जौ, मटर, मसूर, ज्वार, आलू, कटहल, सिंघाड़ा, करेला और पानी में सत्तू घोलकर लेना हानिकारक है। वर्षा ऋतु में जब वर्षा बहुत कम होती है, तो पित्त का प्रकोप होने लगता है। इस समय खट्टे, तले हुए, बेसन से बने पदार्थ, तेज-मिर्च मसाले वाले, बासी खाद्य-पदार्थों और पित्त बढ़ाने वाले खाद्यों का सेवन नहीं करना चाहिए। एक लोकोक्ति के अनुसार श्रावण मास में दूध, भाद्रपद में छाछ, क्वॉर मास में करेला और कार्तिक मास में दही का सेवन नहीं करना चाहिए। दिन में सोना, धूप में घूमना व सोना, अधिक मैथुन, अधिक पैदल चलना एवं अधिक शारीरिक व्यायाम भी हानिप्रद है।
देशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। केवल खाद्य सामग्री ही नहीं अपितु उपयोग में आने वाली प्रत्येक वस्तु स्वदेशी विकल्प को अपनाएं व राष्ट्र को समृद्ध बनाएं , ऐसा संकल्प करें 🙏